MANALI : मुख्यमंत्री ने किए 202.14 करोड़ रुपये की 21 विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास

नग्गर में तहसील और जल शक्ति उपमंडल तथा कराड़सू में पटवार वृत्त खोलने की घोषणा

 मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज हरिपुर में विधानसभा क्षेत्र मनाली के लिए लगभग 202.14 करोड़ रुपये की 21 विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए। 

इसके बाद हरिपुर में आयोजित ‘प्रगतिशील हिमाचल: स्थापना के 75 वर्ष’ समारोह को संबोधित करते हुए जय राम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल  को देश के सबसे प्रगतिशील राज्यों की श्रेणी में शामिल करवाने में प्रत्येक हिमाचली का योगदान रहा है। प्रदेशवासियों की मेहनत और ईमानदारी के कारण आज हिमाचल इस मुकाम पर खड़ा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश भर में आयोजित किए जा रहे 75 कार्यक्रमों का उद्देश्य हिमाचल के विकास में योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करना और प्रदेश के 75 वर्षों के गौरवमयी सफर से आम लोगों को अवगत करवाना है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के विकास में हर कर्मचारी, मजदूर, किसान, तकनीशियन, डॉक्टर, शिक्षक और उद्यमियों सहित सभी लोगों का योगदान रहा है।

मुख्यमंत्री ने नग्गर में तहसील और जल शक्ति विभाग का उपमंडल कार्यालय खोलने, डिग्री कॉलेज हरिपुर में सभागार के निर्माण तथा कराड़सू में नया पटवार वृत्त बनाने की घोषणा भी की। 

जय राम ठाकुर ने कहा कि लंबे समय तक कोविड महामारी का सामना करने के बाद पूरी दुनिया अभी इस संकट से उबर रही है। लेकिन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस संकट के इस दौर में सशक्त और दूरदर्शी नेतृत्व प्रदान करते हुए सही समय पर सही निर्णय लिए और वैज्ञानिकों को स्वदेशी वैक्सीन तैयार करने के लिए प्रेरित एवं प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान शुरू किया और अभी तक देश में कोरोना रोधी वैक्सीन की 220 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने सभी क्षेत्रों में तेजी से प्रगति की है। उन्होंने कहा कि 75 वर्ष पूर्व राज्य के गठन के समय केवल चार जिले थे, जबकि आज 12 जिले हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 1948 में राज्य की साक्षरता दर 4.8 प्रतिशत थी जो अब बढ़कर 83 प्रतिशत से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1948 में राज्य में केवल 228 किलोमीटर सड़कें थीं, जबकि आज लगभग 40 हजार किलोमीटर सड़कें प्रदेश के कोने-कोने को जोड़ रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका बड़ा श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को जाता है। उन्होंने अपने कार्यकाल में लगभग 60 हजार करोड़ रुपये के प्रावधान के साथ प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना आरंभ की थी औैर हिमाचल प्रदेश में लगभग 20,000 किलोमीटर सड़कों का निर्माण इसी योजना के तहत किया गया है।

जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हिमाचल प्रदेश और यहां के जनता के साथ विशेष स्नेह है और पिछले लगभग पांच वर्षों के दौरान वह सात बार राज्य का दौरा कर चुके हैं। 5 अक्तूबर को वह एक बार फिर राज्य का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि इस समय पूरा देश भाजपा के साथ खड़ा है और लोगों का कांग्रेस पर से विश्वास उठ गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता पार्टी छोड़ रहे हैं, क्योंकि वे जानते हैं कि कांग्रेस अब एक डूबता जहाज है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में भी कांग्रेस के कई नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं, क्योंकि वे जानते हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा राज्य में फिर से सरकार बनाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को हिमाचल पथ परिवहन निगम की साधारण बसों के किराए में 50 प्रतिशत की छूट तथा घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट निःशुल्क बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता सरकार पर लोगों को मुफ्त की आदत लगाने का आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि यही कांग्रेसी नेता प्रदेश के लोगों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध करवाने का दावा कर रहे हैं।https://www.tatkalsamachar.com/

मुख्यमंत्री ने पचैहलेहा-नेरी-कैथी कुकड़ी सड़क पर गलैन नाला के ऊपर  1.58 करोड़ रुपये से निर्मित 30.48 मीटर लम्बे पुल, मनालसू पुल से पलचान सड़क पर शनाग नाले पर 2.09 करोड़ रुपये से 33.50 मीटर लम्बे स्पैन पुल, 19.71 करोड़ रुपये से राइसन-शिरड़-शैलिहर सड़क के सुधारीकरण एवं उन्नयन, पतलीकूहल में 7.35 करोड़ रुपये से निर्मित 30 बिस्तरों वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, नागरिक अस्पताल मनाली के लिए 4 करोड़ रुपये से निर्मित अतिरिक्त आवासीय भवन, मनाली शहर के लिए 15.04 करोड़ रुपये से जलापूर्ति योजना के संवर्द्धन, मनाली तहसील कें पनगां गांव के समूह के लिए 7.54 करोड़ रुपये से जलापूर्ति योजना के संवर्द्धन, 1.06 करोड़ रुपये से नेचर पार्क गुलाबा का लोकार्पण किया।

उन्होंने 3.98 करोड़ रुपये से निर्मित किसान भवन मनाली, मनाली में उप सब्जी मंडी चौरीबिहाल में 1.08 करोड़ रुपये से ग्रेडिंग पैकिंग हाउस तथा पोटेटो ग्रेडिंग मशीन, मनाली में उप सब्जी मंडी चौरीबिहाल में 1.20 करोड़ रुपये से कंक्रीट इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक, सब्जी मंडी बंदरोल में 12.32 करोड़ रुपये के खण्ड 1 व 2, पतलीकूहल मंे 30 लाख रुपये से निर्मित मुख्यमंत्री लोक भवन और मनाली में  57.65 करोड़ रुपये से 100 बिस्तरों वाले नागरिक अस्पताल मनाली व कर्मचारी आवास का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने सब्जी मंडी बंदरोल के समीप ब्यास नदी पर 8 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाले 70 मीटर स्पैन पुल, कटराईं में हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड के 4.20 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाले 33 केवी विद्युत उपकेंद्र रायसन, आईबैक्स चौक मनाली में हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड के 17.85 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाले 33 केवी विद्युत उपकेंद्र, मनाली के चौरीबिहाल में उप सब्जी मंडी मंे 3.95 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाले कन्वेनशन सेंटर, पतलीकूहल में 9.25 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाली उप सब्जी मंडी, 19 करोड़ रुपये से बस पार्किंग यार्ड मनाली का जीर्णोद्धार व सुधारीकरण और कलाथ में 4.99 करोड़ रुपये से मानसिक मंदता ग्रस्त महिलाओं के लिए आवास (होम फॉर एडल्ट एमआर फीमेल) का शिलान्यास किया।

शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्यों का स्वागत किया। उन्होंने क्षेत्र के लिए 202 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाएं समर्पित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गत पांच वर्षों के दौरान मनाली विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि जगतसुख में संस्कृत कॉलेज स्थापित किया गया है, जो संस्कृत विषय में करियर बनाने वाले विद्यार्थियों के लिए सुविधा प्रदान करने में मददगार साबित होगा। वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल में प्रदेश के सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने पिछली राज्य सरकार पर मनाली विधानसभा क्षेत्र के विकासात्मक हितों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने क्षेत्र की कुछ विकासात्मक मांगों का भी ब्यौरा दिया।

नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष चमन कपूर, राज्य भारतीय जनता पार्टी की उपाध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर, भाजपा मण्डलाध्यक्ष दुर्गा सिंह ठाकुर, एचपीएमसी के अध्यक्ष अमर ठाकुर, विपणन बोर्ड के सलाहकार रमेश शर्मा, उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग, पुलिस अधीक्षक गुरूदेव शर्मा अन्य सहित उपस्थित थे।

backup_0dff07

Recent Posts

CM News: मुख्यमंत्री से हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से आज यहां हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के…

17 hours ago

IGMC Shimla: प्रदेश के लिए 31 मई तक तैयार की जाए पोषण नीतिः मुख्यमंत्री

आईजीएमसी में पायलट आधार पर मरीजों का डेटा डिजिटाइज करने के दिए निर्देश मुख्यमंत्री ठाकुर…

2 days ago

Auckland House School for Boys Hosts Spectacular Grand Carnival in Shimla

Auckland House School for Boys organised a vibrant and grand Carnival on Friday amidst great…

5 days ago

मुख्यमंत्री ने बादल फटने की घटनाओं की पुनरावृत्ति के वैज्ञानिक अध्ययन के दिए निर्देश

सभी राज्य स्तरीय आपदा अनुसंधान हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय केन्द्र के माध्यम से संचालित किए जाएंगे:…

5 days ago

Lahaul-Spiti: अटल टनल ने लाहौल-स्पीति को विकास और पर्यटन की नई पहचान दी: राज्यपाल

पहली बार लाहौल-स्पीति एवं मनाली पहुंचे राज्यपाल का स्थानीय लोगों ने किया भव्य स्वागत हिडिंबा…

7 days ago