हमीरपुर 02 मार्च। एसडीएम एवं हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी डॉ. चिरंजी लाल चौहान ने क्षेत्र के विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों और सरकारी एवं निजी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक करके भारत निर्वाचन आयोग की मतदाता जागरुकता प्रतियोगिताओं और मतदाता पंजीकरण के संबंध में विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग तीन अलग-अलग वर्गों के लिए प्रश्नोत्तरी, नारा लेखन, गीत, वीडियो और पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित करने जा रहा है। उक्त प्रतियोगिताओं से संबंधित जानकारी भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट ईसीआई स्वीप डॉट एनआईसी डॉट इन ecisveep.nic.in पर उपलब्ध करवाई गई है। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के लिए सीधे इस वेबसाइट पर पंजीकरण करवाया जा सकता है। जबकि, अन्य प्रतियोगिताओं की प्रविष्टियां 15 मार्च तक ईमेेल आईडी वोटर-कंटेस्ट एट रेट ईसीआई डॉट जीओवी डॉट इन voter-contest@eci.gov.in पर भेजी जा सकती हैं।
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे 18-19 वर्ष की आयु के छूटे युवाओं को उनके नाम मतदाता सूचियों में दर्ज करवाने के लिए भी प्रेरित करें।