Modern technology is opening new opportunities in the field of dentistry: Governor is opening new opportunities in the field of dentistry: Governor
दंत चिकित्सा के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक खोल रही नए अवसरः राज्यपाल
राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता आज हिमाचल डेंटल कॉलेज, सुंदरनगर के वार्षिक दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। उन्होंने समारोह की अध्यक्षता करते हुए कहा कि भारत को एक विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र बनाने के लिए युवाओं को ज्ञान, कौशल और नवाचार के साथ आगे बढ़ना होगा। युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है और यदि युवा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं तो भारत को आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र बनाया जा सकता है।
राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल डेंटल कॉलेज, सुंदरनगर प्रदेश का अग्रणी दंत चिकित्सा संस्थान है, जिसने शिक्षा, शोध, सामुदायिक सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि दंत स्वास्थ्य समग्र स्वास्थ्य का महत्वपूर्ण आधार है और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े युवाओं की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने पेशे में उत्कृष्टता के साथ-साथ सेवा, संवेदनशीलता और नैतिकता को भी जीवन का हिस्सा बनाएं।
श्री गुप्ता ने कहा कि आधुनिक तकनीक, डिजिटल नवाचार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से दंत चिकित्सा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। उन्होंने संस्थान द्वारा ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों में लगाए जा रहे निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविरों, नो-टोबैको जागरूकता अभियानों और सामुदायिक सेवा कार्यक्रमों की सराहना भी की।
उन्होंने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की पहचान केवल उसकी अकादमिक उपलब्धियों से नहीं, बल्कि समाज के प्रति उसके योगदान से भी होती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हिमाचल डेंटल कॉलेज भविष्य में भी समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में निरंतर कार्य करता रहेगा।
इस अवसर पर राज्यपाल ने शैक्षणिक और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। बीडीएस एवं एमडीएस पाठ्यक्रमों में विश्वविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। शैक्षणिक उपलब्धियों में बीडीएस प्रथम वर्ष की अधारिका गुप्ता (विश्वविद्यालय प्रथम), सुहानी कश्यप (विश्वविद्यालय तृतीय), बीडीएस द्वितीय वर्ष की निशिता गुप्ता (कॉलेज प्रथम एवं विश्वविद्यालय तृतीय), तृतीय वर्ष की अक्षिता जोशी (विश्वविद्यालय द्वितीय), वसुंधरा (विश्वविद्यालय चतुर्थ), अक्षत (विश्वविद्यालय पंचम स्थान), अंतिम वर्ष के प्रशांत (विश्वविद्यालय प्रथम), जागीशा (विश्वविद्यालय द्वितीय) तथा सारा पुरी (विश्वविद्यालय चतुर्थ) सहित अनेक विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। एमडीएस प्रथम वर्ष की परीक्षा में डॉ. नित्या सहगल (ऑर्थाेडोंटिक्स), डॉ. नियति (पेडोडोंटिक्स), डॉ. हरनूर (एंडोडोंटिक्स) एवं डॉ. अनन्या (पेरिओडोन्टिक्स) ने विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर संस्थान का गौरव बढ़ाया। एमडीएस अंतिम वर्ष की परीक्षा में डॉ. भूमिका (पेरिओडोन्टिक्स) एवं डॉ. उर्वशी सोलंकी (ऑर्थाेडोंटिक्स) ने विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया ।
इसके अतिरिक्त खेल उपलब्धियों में डॉ. सुशांत कौशल, अंजिका ठाकुर, वंशीता, आकाश परमार, देवांश तथा बैडमिंटन युगल विजेता डॉ. साहिल ठाकुर और अनुराग सहित कई विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
राज्यपाल ने महाविद्यालय की आधुनिक नई डेंटल वैन सेवा का शुभारंभ भी किया, जो ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों में दंत स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. बलजीत सिंह ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि कॉलेज वर्ष 1993 से दंत उपचार, आपके द्वार योजना के तहत सामुदायिक आउटरीच शिविरों का आयोजन कर रहा है। पिछले वर्ष संस्थान द्वारा 46 शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 6000 से अधिक लोगों की जांच की गई तथा 800 से अधिक मरीजों का उपचार आधुनिक डेंटल वैन में किया गया।
उन्होंने बताया कि संस्थान को सामुदायिक सेवा एवं आउटरीच गतिविधियों के लिए वर्ष 2025 में इंडियन डेंटल एसोसिएशन द्वारा ‘कम्युनिटी सर्विस एंड आउटरीच’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इसके अलावा ‘इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ डेंटिस्ट्स’ द्वारा भी संस्थान को सामुदायिक एवं मानवतावादी सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।
निदेशक डॉ. अनिल सिंगला ने राज्यपाल और गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया। डॉ. विकास जिंदल ने आभार प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर विधायक राकेश जम्वाल, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर, उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार, हिमाचल डेंटल कॉलेज की चेयरपर्सन संतोष गुप्ता, निदेशक डॉ. अनिल सिंगला, डॉ. विकास जिंदल, प्रधानाचार्य डॉ. बलजीत सिंह और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर ने सोमवार को यहां सेरा के विश्राम गृह में हिमाचल…
ख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने रविवार को यहां अणु में छात्राओं की…
Click to teach Gmail that this conversation is important 11 अक्तूबर. उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री…
प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में कई ठोस कदम उठा रही है।…
धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले माता श्री…
नगर निगम हमीरपुर द्वारा निरंतर चलाए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत मंगलवार…