• गुरुवार को 69887 केस आए, 77248 मरीज ठीक हुए, 980 की मौत हुई
  • देश में अब तक 1.06 लाख लोगों की जान गई, 59.03 लाख लोग रिकवर हो चुके

कोरोना संक्रमण को देखते हुए इस बार गुजरात सरकार ने राज्य में गरबा महोत्सव की इजाजत नहीं दी है। पंडालों में सिर्फ मूर्ति स्थापित करके पूजा-आरती की जा सकती है। हालांकि, मूर्ति को स्पर्श करने की अनुमति नहीं होगी। पूरे देश की बात करें तो कुछ राहत देने वाली खबर है। लगातार तीन हफ्ते हो चुके हैं जब नए संक्रमितों से ज्यादा मरीज ठीक हुए हैं।

देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 69 लाख 3 हजार 812 हो गया है। राहत की बात है कि इनमें 59 लाख 3 हजार 207 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 8 लाख 93 हजार 41 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। पिछले 22 दिनों में एक्टिव केस सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए हैं। 17 सितंबर को यह 10 लाख 17 हजार से ज्यादा थे। संक्रमण के चलते अब तक 1 लाख 6 हजार 521 मरीजों की मौत हो चुकी है।

अगले महीने भारत संक्रमण के सबसे ऊपर हो सकता है
देश में अब हर रोज कोरोना के 70 से 80 हजार नए मामले सामने आ रहे हैं। यही रफ्तार रही तो नवंबर के पहले हफ्ते में भारत दुनिया का सबसे ज्यादा संक्रमण वाला देश हो जाएगा। मौजूदा केस की संख्या के अनुसार 7 नवंबर तक देश में 91 लाख 70 हजार से ज्यादा मामले होंगे, जबकि अमेरिका हर रोज 40 से 45 हजार नए मामले सामने आ रहे हैं। इस लिहाज से यहां 7 नवंबर तक 91 लाख 40 हजार केस होंगे।

भारत के लिए अच्छी बात है कि रोजाना बढ़ने वाले केस में करीब 30 से 35 हजार की कमी आई है। एक समय था जब हर दिन 90 से 97 हजार मामले सामने आ रहे थे। अब यह घटकर 70 से 80 हजार हो गए हैं। यही नहीं एक्टिव केस भी पिछले दो हफ्ते से लगातार कम हो रहे हैं। 17 सितंबर को देश में 10.17 लाख एक्टिव केस हो गए थे जो अब घटकर 8.93 लाख रह गए हैं। मौत की रफ्तार में भी कमी देखी गई है। पिछले एक हफ्ते से लगातार एक हजार से कम मौतें हो रहीं हैं। यह भी देश के लिए एक अच्छा संकेत है।

वैक्सीन के लिए कोल्ड स्टोरेज की पहचान शुरू
सरकार ने कोरोना के वैक्सीन को रखने के लिए कोल्ड स्टोरेज की पहचान शुरू कर दी है। सूत्रों ने कहा कि कोल्ड चेन की क्षमता को सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, गुजरात, केरल, तेलंगाना और दिल्ली में बढ़ाया जाना चाहिए। इसके अलावा असम, झारखंड, पंजाब और ओडिशा में भी कोल्ड स्टोरेज तैयार करने होंगे।

Share:

administrator

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *