हाई एवं सीनियर सेकेंडरी स्कूलों की छात्राओं की तीन दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता बुधवार को यहां राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डिडवीं टिक्कर में संपन्न हो गई। इस प्रतियोगिता में जिला हमीरपुर के 6 ब्लॉकों की लगभग 250 छात्राओं ने वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन एवं अन्य स्पर्धाओं में भाग लिया। राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर ने इस प्रतियोगिता का समापन किया और विजेताओं को पुरस्कृत किया।
  इस अवसर पर आयोजन समिति और सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए नरेश ठाकुर ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियां भी बहुत महत्वपूर्ण होती हैं, क्योंकि इनसे बच्चों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने साढे तीन वर्ष पहले कार्यभार संभालते ही स्कूली खिलाड़ियों की डाइट मनी में दोगुणा से ज्यादा वृद्धि करके इसे 250 रुपये कर दिया था। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले स्कूली खिलाड़ियों के लिए उच्च श्रेणी की रेल यात्रा और आवश्यकता पड़ने पर हवाई यात्रा का भी प्रावधान किया है। ओलंपिक खेलों, एशियाई, राष्ट्रमंडल और अन्य अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के विजेताओं के लिए मुख्यमंत्री ने करोड़ों रुपये के नकद पुरस्कार घोषित किए हैं।
 नशे की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए नरेश ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री ने नशे के विरुद्ध एक बहुत बड़ी जंग का ऐलान किया है। उन्होंने चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान को एक जन आंदोलन का रूप दिया है। इसी अभियान के तहत मुख्यमंत्री ने खेल गतिविधियों के लिए अलग से 11.56 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया है।
 इस अवसर पर मेजबान स्कूल की प्रधानाचार्य शैली शर्मा, प्रतियोगिता के उप समन्वयक चमन लाल, एसएमसी अध्यक्ष रितु शर्मा और आयोजन समिति के अन्य सदस्यों ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया तथा प्रतियोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
 इस प्रतियोगिता में वॉलीबाल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला समीरपुर की टीम विजेता और रावमापा रैली जजरी उपविजेता रही। कबड्डी में अमलैहड़ स्कूल विजेता और कुठेड़ा उपविजेता, खो-खो में कुठेड़ा विजेता और रैली जजरी उपविजेता, बैडमिंटन में हमीरपुर विजेता और नादौन एवं टौणी देवी स्कूल की टीमें उपविजेता रहीं। हाई स्कूलों के वर्ग में वॉलीबाल में एसवीएन तरक्वाड़ी प्रथम और राजकीय हाई स्कूल धीरवीं की टीम द्वितीय रही। कबडडी में हाई स्कूल ख्याह प्रथम और होली हार्ट स्कूल डिडवीं द्वितीय रहा। बैडमिंटन में बीबीएन चकमोह स्कूल प्रथम और बल्ह बिहाल स्कूल की टीम द्वितीय रही। खो-खो में हाई स्कूल चकमोह ने बाजी मारी। 

Share:

administrator

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *