क्रिकेट में शानदार उपलब्धियों के लिए रेणुका ठाकुर को भी एक करोड़ रुपये प्रदान करने की घोषणा
खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए जल्द होगा सम्मान समारोह का आयोजन

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने 20वें एशियाई खेल में कबड्डी में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला टीम की तीन हिमाचली खिलाड़ी पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को एक-एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान करने की घोषण की। विजेता खिलाड़ियों ने आज यहां मुख्यमंत्री से भेंट की। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए उन्हें हिमाचली टोपी और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही उनके सम्मान में एक समारोह आयोजित करेगी, जिसमें उन्हें घोषित पुरस्कार राशि भी प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन तीनों खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में रोजगार भी प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी पुलिस विभाग में सेवाएं देने की इच्छुक नहीं होंगी, उन्हें युवा सेवाएं एवं खेल विभाग में नियुक्ति दी जाएगी, ताकि वे राज्य में खेलों के प्रोत्साहन और विकास में योगदान देने के साथ-साथ अपने खेल करियर को भी जारी रख सकें।


श्री सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ने अपनी खेल नीति में संशोधन कर पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक वृद्धि की है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ करने पर भी विशेष बल दिया जा रहा है।


मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी रेणुका ठाकुर को भी उनकी शानदार उपलब्धियों के सम्मान में एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान करने की घोषणा की।
इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल और मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान भी उपस्थित थे।

Share:

editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *