हरोली(ऊना), 9 जून. उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं का निरीक्षण कर उनकी प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लगभग 12.70 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन हरोली कॉलेज भवन का दौरा कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं गति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।


उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कॉलेज परिसर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के लिए आधुनिक स्टेज, ओपन जिम, वॉलीबॉल एवं बैडमिंटन कोर्ट तथा अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त कैंपस कैफेटेरिया का निर्माण भी किया जा रहा है।


उन्होंने बताया कि वर्तमान में कॉलेज में बीए, बी.कॉम, बीसीए, बीबीए, बी.एससी. (मेडिकल एवं नॉन-मेडिकल) सहित एम.कॉम तथा राजनीति शास्त्र, अंग्रेज़ी, इतिहास एवं हिंदी विषयों में एम.ए. की पढ़ाई करवाई जा रही है। इसके अतिरिक्त इसी शैक्षणिक सत्र से पीजीडीसीए तथा बी.एससी. कंप्यूटर साइंस की कक्षाएं भी आरंभ की जाएंगी। वहीं बॉटनी, केमिस्ट्री, फिजिक्स तथा जूलॉजी विषयों के लिए अत्याधुनिक मॉड्यूलर साइंस लैब्स स्थापित करने को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से विद्यार्थियों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध होगी।
वहीं सोमवार देर रात्रि, उपमुख्यमंत्री ने  ईसपुर में शीतला माता मंदिर के भव्य मंदिर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की । उन्होंने कहा कि शीतला माता मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है तथा इसके भव्य स्वरूप के निर्माण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।


उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताहभर में हरोली विधानसभा क्षेत्र को स्वास्थ्य, शिक्षा, पशुपालन तथा आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सौगातें प्राप्त हुई हैं। प्रदेश सरकार ने हरोली पशु चिकित्सालय को अपग्रेड कर उप-मंडलीय पशु चिकित्सालय का दर्जा प्रदान किया है। इसके साथ ही वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी तथा मुख्य पशु चिकित्सा फार्मासिस्ट के पद भी सृजित किए गए हैं, जिससे क्षेत्र के पशुपालकों को बेहतर एवं आधुनिक पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।


इसी प्रकार हरोली में अतिरिक्त 50 बिस्तरों वाले सिविल अस्पताल भवन के निर्माण के लिए 8.42 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इस परियोजना के पूर्ण होने से हरोली तथा आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।


उपमुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में संपर्क सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए भी अनेक परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। चंदपुर खड्ड पर 3.87 करोड़ रुपये की लागत से चंदपुर और ललड़ी को जोड़ने वाले पुल का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। हरोली खड्ड पर लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बो-स्ट्रिंग पुल जनता को समर्पित किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त क्षेत्र के महत्वाकांक्षी पंडोगा-त्युड़ी पुल सहित 14 नए पुलों का निर्माण विभिन्न चरणों में प्रगति पर है। 37 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले झलेड़ा-घालूवाल पुल का निर्माण कार्य भी शीघ्र आरंभ किया जाएगा।
विकास की रफ्तार पर सीधी नजर


मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गति और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए वह स्वयं परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिन हो या रात, जनता के हितों से जुड़े कार्यों की समीक्षा और निरीक्षण लगातार जारी है, ताकि प्रत्येक परियोजना निर्धारित समयावधि में पूर्ण हो और लोगों को लाभ मिले।


इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक ठाकुर, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य हरोली केवल सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।

Share:

editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *