मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देशवासियों से ईंधन की बचत, विदेशी यात्राएं कम करने तथा सोने की खरीद पर संयम बरतने की अपील संभावित आर्थिक संकट की ओर संकेत करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को देश की वास्तविक आर्थिक स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।


नरेश चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा हिमाचल प्रदेश की आर्थिक स्थिति और प्रदेश के कर्मचारियों के वेतन को लेकर दिया गया बयान तथ्यों से परे है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य की आर्थिक स्थिति लगातार सुधर रही है तथा कर्मचारियों को वेतन देने में किसी प्रकार की समस्या नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया के सबसे अधिक कर्ज वाले देशों में शामिल हो चुका है और केंद्र सरकार को इस पर जवाब देना चाहिए।


उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि केंद्र वास्तव में हिमाचल प्रदेश की चिंता करता है, तो राज्य को विशेष आर्थिक पैकेज दिया जाए और बंद की गई आरडीजी सहायता को बहाल किया जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने ओपीएस लागू कर 1.36 लाख कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। साथ ही प्रदेश की महिलाओं को 1500 रुपये मासिक सहायता देने की योजना चरणबद्ध तरीके से लागू की जा रही है।


नगर निगम चुनावों को लेकर नरेश चौहान ने दावा किया कि चारों नगर निगमों में कांग्रेस को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मंडी से चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत कर दी है तथा आगामी दिनों में पालमपुर, धर्मशाला और अंतिम चरण में सोलन में प्रचार करेंगे।


उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल में कई ऐतिहासिक और दूरदर्शी फैसले लिए गए हैं, जो हिमाचल प्रदेश के भविष्य को नई दिशा देंगे। शिक्षा क्षेत्र में किए गए सुधारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम लागू करना और लगभग 150 स्कूलों को सीबीएसई से जोड़ना सरकार के बड़े निर्णय हैं। इन फैसलों का सकारात्मक प्रभाव आने वाले समय में दिखाई देगा और प्रदेश के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा में लाभ मिलेगा।


स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए नरेश चौहान ने कहा कि 1750 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के माध्यम से आधुनिक मशीनों और एडवांस तकनीक को स्वास्थ्य सेवाओं में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रोबोटिक सर्जरी, आधुनिक एमआरआई तकनीक तथा ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए सरकार तेजी से कार्य कर रही है।


ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार द्वारा दूध खरीद मूल्य में 20 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी किए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण परिवारों, विशेषकर महिलाओं की आय में वृद्धि होगी। सरकार का उद्देश्य गांवों से पलायन रोकना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करना है।


भाजपा की तीव्र आलोचना करते हुए नरेश चौहान ने कहा कि विपक्ष के पास सरकार के खिलाफ कोई ठोस मुद्दा नहीं है। कांग्रेस सरकार ने जनहित और भ्रष्टाचार मुक्त शासन को प्राथमिकता दी है, जबकि भाजपा केवल भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।


नीट पेपर लीक मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह अत्यंत गंभीर विषय है, जिससे लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री से इस मामले में तुरंत सख्त और प्रभावी कदम उठाने की मांग की, ताकि छात्रों का भविष्य सुरक्षित रह सके।

Share:

administrator

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *