बिलासपुर: उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि महिलाओं और बच्चों से संबंधित सरकारी योजनाओं में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा महिला एवं बाल कल्याण कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा ‘पंखुड़ी’ नामक नया वेब पोर्टल शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि यह डिजिटल पोर्टल महिलाओं और बच्चों के समग्र विकास के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य करेगा। इस पोर्टल के माध्यम से आम नागरिक, स्वयंसेवी संगठन, प्रवासी भारतीय तथा कॉरपोरेट संस्थान महिला एवं बाल विकास से जुड़ी पहलों से सीधे जुड़कर सहयोग कर सकेंगे, जिससे समाज के जरूरतमंद वर्गों को बेहतर सहायता उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि ‘पंखुड़ी’ पोर्टल एक सिंगल-विंडो डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसका उद्देश्य महिला सशक्तिकरण और बच्चों के समग्र विकास से जुड़े कार्यक्रमों को एक ही मंच पर उपलब्ध करवाना है। इस पोर्टल के माध्यम से नागरिक और संस्थाएं अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं और संस्थानों से जुड़कर सहयोग कर सकते हैं, जिससे इन योजनाओं को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि पोर्टल के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और पुनर्वास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। पोर्टल पर ‘सर्च इंस्टीट्यूशन’ की सुविधा भी प्रदान की गई है, जिसके माध्यम से इच्छुक व्यक्ति और संस्थाएं अपनी पसंद के संस्थान या क्षेत्र का चयन कर सहयोग प्रदान कर सकते हैं। यह पोर्टल मिशन सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0, मिशन शक्ति और मिशन वात्सल्य जैसे प्रमुख सरकारी मिशनों को सहयोग प्रदान करेगा तथा कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत कॉरपोरेट संस्थानों की भागीदारी को भी प्रोत्साहित करेगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, बिलासपुर हरीश मिश्रा ने बताया कि ‘पंखुड़ी’ पोर्टल पूरी तरह पारदर्शी और गैर-मौद्रिक मंच है, जिसमें किसी भी प्रकार का आर्थिक लेनदेन नहीं किया जाएगा। इससे यह सुनिश्चित होगा कि सहयोग सीधे संबंधित संस्थानों और लाभार्थियों तक प्रभावी और पारदर्शी तरीके से पहुंचे।
उन्होंने बताया कि यह पोर्टल महिलाओं और बच्चों के कल्याण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे समाज के सभी वर्गों की भागीदारी बढ़ेगी और महिला सशक्तिकरण तथा बाल विकास से जुड़े कार्यक्रमों को नई गति और दिशा प्राप्त होगी।