
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले की बेटी प्रगति ठाकुर ने भारतीय सेना में अधिकारी बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए) से अपना प्रशिक्षण पूरा किया और 332 आर्टिलरी रेजिमेंट में कमीशन प्राप्त किया। प्रगति ठाकुर ने पूरे बैच में टॉप किया और स्वर्ण पदक जीता, जो उनके बेहतरीन प्रदर्शन का प्रमाण है।
इसके अलावा वह अकादमी अंडर ऑफिसर भी रहीं, जो कैडेटों में सबसे वरिष्ठ पद होता है। 8 मार्च 2025 को चेन्नई में आयोजित पासिंग आउट परेड में 133 पुरुष और 24 महिला कैडेटों ने भारतीय सेना की विभिन्न शाखाओं में कदम रखा। लेफ्टिनेंट जनरल जॉनसन पी मैथ्यू ने प्रमुख और सभी नए अधिकारियों को ‘राष्ट्र के प्रति निस्वार्थ सेवा’ का आश्वासन दिया। इस दौरान प्रगति ठाकुर को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।
प्रगति ठाकुर का परिवार भी सेना से जुड़ा रहा है। प्रगति ठाकुर ने 12वीं तक की पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय जतोग से की और उसके बाद संजौली कॉलेज शिमला से स्नातक की पढ़ाई पूरी की।https://tatkalsamachar.com/una-news-maidi-fair/ इसके बाद उन्होंने संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा (सीएसडी) पास की और सेवा चयन बोर्ड (एसएसबी) का साक्षात्कार पास कर यह गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की। प्रगति ठाकुर की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है।
उनकी मेहनत और लगन ने साबित कर दिया कि दृढ़ निश्चय और कड़ी मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों, चाचा भुवनेश्वर और चाची हीरा सिंह ठाकुर को दिया, जिन्होंने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया।