शिक्षा, संस्कृति और परंपरा का प्रतीक ऑकलैंड हाउस स्कूल, शिमला ने 30 और 31 मई को दो दिवसीय समारोह के अंतर्गत अपना 154वां स्थापना दिवस और वार्षिक स्कूल कार्निवल उत्साहपूर्वक मनाया। विद्यालय के इस गौरवशाली आयोजन में विद्यार्थियों, पूर्व छात्रों, शिक्षकों, अभिभावकों और विभिन्न गणमान्य अतिथियों ने पूरे उत्साह के साथ भागीदारी की। यह आयोजन न केवल विद्यालय की ऐतिहासिक विरासत का उत्सव था, बल्कि समग्र शिक्षा और समुदाय की एकता का सशक्त प्रदर्शन भी रहा।
30 मई को स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई, जिसका नेतृत्व विद्यालय की निदेशक एवं प्राचार्या श्रीमती स्मारकी समंतरॉय ने किया। इस अवसर पर पूर्व बिशप समंतरॉय तथा ऑकलैंड हाउस स्कूल फॉर बॉयज़ के प्राचार्य श्री रुबिन टी. जॉन भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय प्रांगण में आयोजित भव्य सांस्कृतिक संध्या में विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, विद्यालय बैंड की प्रस्तुति और एक प्रभावशाली अंग्रेज़ी नाटक प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में पूर्व छात्राओं की भावनात्मक भागीदारी ने माहौल को विशेष बना दिया। समारोह का एक आकर्षक भाग रहा रस्साकशी प्रतियोगिता, जिसमें पूर्व छात्राओं और कक्षा बारहवीं की छात्राओं ने भाग लिया, और अंततः पूर्व छात्राएं विजयी रहीं।
31 मई को आयोजित वार्षिक स्कूल कार्निवल में विद्यालय परिसर उत्सव के रंगों से सराबोर हो उठा। हर कोना रंग-बिरंगे स्टॉल्स, संगीत, हँसी और रचनात्मक गतिविधियों से जीवंत हो गया। इस अवसर पर सेंट एडवर्ड्स स्कूल शिमला के प्राचार्य फादर अनिल सिक्वेरा मुख्य अतिथि के रूप में पधारे। उन्होंने बच्चों की ऊर्जा, रचनात्मकता और विद्यालय के सकारात्मक वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि “यह कार्निवल विद्यालय की उस सांस्कृतिक धरोहर और रचनात्मक सोच का जीवंत प्रमाण है, जो विद्यार्थियों को सम्पूर्ण रूप से विकसित करने का कार्य कर रही है।”
कार्निवल में खाद्य सामग्री, खेल गतिविधियाँ, मेहंदी, टैटू आर्ट, हस्तशिल्प, कलाकृतियाँ, स्मृति चिह्न और जैम सेशन जैसे विविध स्टॉल्स ने न केवल विद्यार्थियों बल्कि अभिभावकों और आगंतुकों का भी ध्यान आकर्षित किया। विशेष रूप से उल्लेखनीय बात यह रही कि अन्य विद्यालयों के छात्र और अनेक पूर्व ऑक्लाइट्स भी इस आयोजन में सहभागी बने, जिससे कार्यक्रम को एक व्यापक सामुदायिक स्वरूप प्राप्त हुआ।
दो दिवसीय यह आयोजन केवल एक वार्षिक परंपरा नहीं, बल्कि ऑकलैंड हाउस स्कूल की उस शिक्षात्मक संस्कृति का उत्सव रहा, जिसमें शैक्षणिक गुणवत्ता, रचनात्मकता, समूह भावना और सांस्कृतिक मूल्यों को समान रूप से महत्व दिया जाता है। https://tatkalsamachar.com/shimla-news-kasmir-strike/ विद्यालय की निदेशक-प्राचार्य श्रीमती समंतरॉय ने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों, छात्रों, अभिभावकों तथा स्वयंसेवकों के सहयोग और परिश्रम के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “यह आयोजन विद्यालय की उस समर्पित भावना का परिणाम है, जो हर वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित करती है।”