अंब (ऊना), 21 फरवरी. श्री चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के मैड़ी में 24 फरवरी से 5 मार्च तक आयोजित होने वाले ऐतिहासिक होली मेले के मद्देनज़र शनिवार को अजीत दरबार मैड़ी में सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान श्री चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू विशेष रूप से उपस्थित रहे और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एसडीएम अंब पारस अग्रवाल ने गुरुद्वारा प्रबंधन समिति, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा करते हुए तैयारियों की समीक्षा की।
चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था
पारस अग्रवाल ने बताया कि मेले के सफल संचालन के लिए पुलिस व यातायात प्रबंधन सहित स्वच्छता, विद्युत, पेयजल प्रबंधन को लेकर सभी एजेंसियों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में मेडिकल पोस्ट भी उपलब्ध रहेगी। मेले के दौरान एडीसी ऊना मेला अधिकारी और एसडीएम अंब सहायक मेला अधिकारी होंगे जबकि एएसपी ऊना पुलिस मेला अधिकारी और डीएसपी अंब सहायक पुलिस मेला अधिकारी होंगे। मेलावधि के दौरान 850 पुलिस जवान, 125 महिला पुलिस कर्मी और 750 होमगार्ड जवान मेला क्षेत्र में सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे। इसके अलावा उन्होंने बताया कि 3 मार्च को निशान साहिब (झंडा चढ़ाने) की रस्म तथा 5 मार्च की मध्यरात्रि को पंजा प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
मालवाहक वाहनों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
एसडीएम ने बताया कि मेला अवधि के दौरान ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली, टैम्पू एवं अन्य मालवाहक वाहनों से श्रद्धालुओं का आना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों में आने वाले यात्रियों को बॉर्डर क्षेत्र पर ही रोका जाएगा तथा नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। श्रद्धालु केवल एचआरटीसी बसों के माध्यम से ही मेला क्षेत्र में प्रवेश कर सकेंगे।
मेला क्षेत्र 10 सेक्टरों में विभाजित
उन्होंने बताया कि व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए मेला क्षेत्र को 10 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। यातायात, पार्किंग, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी सेक्टर-वार की जाएगी।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा आयुष विभाग द्वारा विभिन्न स्थानों पर चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे। आपात स्थिति में मरीजों की सुविधा के लिए नैहरी, मैड़ी और चरण गंगा में एक-एक एंबुलेंस तैनात रहेगी।
इसके अतिरिक्त ऊना-मैहतपुर, हरोली-पंडोगा तथा मरवाड़ी-मुबारिपुर तीन अतिरिक्त सेक्टर बनाए गए हैं, जिनके सेक्टर मजिस्ट्रेट संबंधित एसडीएम होंगे। नेटवर्क समस्या के समाधान के लिए जियो और एयरटेल के प्रतिनिधियों को मेला क्षेत्र में ट्रांसमीटर व रिसीवर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
टैक्सियों को जारी किए जाएंगे स्पेशल परमिट
उन्होंने बताया कि नैहरी से मैड़ी तक यात्रियों को लाने-ले जाने के लिए पहली 100 टैक्सियों को एसडीएम कार्यालय अंब से स्पेशल परमिट जारी किए जाएंगे। यात्रियों की सुविधा के अनुसार अतिरिक्त बसों की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने बताया की सड़क किनारे लंगर लगाने की अनुमति नहीं होगी। लंगर लगाने के लिए एसडीएम ऑफिस से अनुमति लेना अनिवार्य रहेगा तथा दस हज़ार की सुरक्षा राशि जमा करवानी होगी, जिसमें पाँच हज़ार रिफंडेबल और पाँच हज़ार नॉन रिफंडेबल रहेगा।
खाद्य सामग्री व स्वच्छता पर विशेष निगरानी
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक ऊना मेला अवधि के दौरान खाद्य सामग्री, प्लास्टिक, खुली बोतलों में पेट्रोल-डीजल, गुब्बारे फुलाने वाले सिलेंडर एवं अन्य ज्वलनशील पदार्थों के उपयोग पर कड़ी निगरानी रखेंगे।
पीडब्ल्यूडी सड़कों की मरम्मत, जल शक्ति विभाग पेयजल आपूर्ति तथा साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। मेला क्षेत्र में स्वच्छता का जिम्मा सुलभ इंटरनेशनल को सौंपा गया है। प्रत्येक दुकान के बाहर डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा। साथ ही, मेला क्षेत्र में सुबह 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक ही धीमी आवाज में लाउडस्पीकर लगाने की अनुमति होगी। उन्होंने धार्मिक स्थलों के प्रबंधकों, प्रतिनिधियों एवं सीमावर्ती पंचायतों के जनप्रतिनिधियों से मेले के सफल आयोजन में सहयोग की अपील की।
श्रद्धालु असुरक्षित वाहनों में यात्रा से बचें – सुदर्शन सिंह बबलू
बोले…आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रशासन का करें पूर्ण सहयोग
श्री चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवी-देवताओं और गुरुओं की पावन तपोस्थली है, जहां आस्था और परंपराओं का विशेष महत्व है। उन्होंने मैड़ी होली मेला में आने वाले सभी श्रद्धालुओं से प्रेम, सौहार्द और श्रद्धाभाव के साथ मेले में शामिल होने की अपील की।
विधायक ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे प्रशासन द्वारा किए गए प्रबंधों के अनुसार ही मेले में पहुंचें तथा मेले के सुव्यवस्थित और सुरक्षित संचालन में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए टैम्पू, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों जैसे असुरक्षित वाहनों से यात्रा करने से परहेज करने का भी आह्वान किया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
बैठक में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अंब डॉ रविंद्र, एएसपी संजीव भाटिया, सहित गुरुद्वारा प्रबंधन, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।