राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव सुजानपुर-2026 में ग्रामीण महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी और इन महिलाओं के लिए कई गतिविधियां आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।


 उपायुक्त एवं राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव सुजानपुर-2026 की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से सशक्त बनाना, उनकी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा पारंपरिक लोक संस्कृति को प्रोत्साहित करना है।


 उपायुक्त ने बताया कि उत्सव के पहले दिन एक मार्च को महिलाओं के लिए रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।


 दूसरे दिन लैमन रेस और जूट बैग रेस करवाई जाएगी। इसी दिन सामूहिक लोकनृत्य ‘झमाकड़ा’ का भी आयोजन होगा, जिसमें जिला हमीरपुर के विभिन्न विकास खंडों की 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग की सैकड़ों महिलाएं एक साथ नृत्य करके होली उत्सव में नए रंग भरेंगी।
 तीसरे दिन तीन मार्च को म्यूजिकल चेयर, मटका फोड़ और रस्साकशी प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। रस्साकशी प्रतियोगिता में एक टीम में 10 महिलाएं होंगी और जिला के प्रत्येक विकास खंड से दो-दो टीमों की भागीदारी रहेगी। इस प्रतियोगिता की विजेता टीम को 51 हजार और उपविजेता को 31 हजार रुपये के नकद ईनाम दिए जाएंगे।


 उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन का उद्देश्य इस आयोजन के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, आपसी सहयोग को बढ़ावा देना तथा पारंपरिक लोक संस्कृति को सुदृढ़ करना है। रस्साकशी प्रतियोगिता और झमाकड़ा नृत्य के लिए संबंधित खंड विकास अधिकारी कार्यालय में 25 फरवरी तक पंजीकरण करवाया जा सकता है।
 उपायुक्त ने जिला की महिलाओं और इनसे जुड़े सभी संगठनों एवं समूहों से होली उत्सव में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।

Share:

editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *