कुल्लू जिला में बीते दिन हुई बारिश-बर्फबारी और खराब चल रहे मौसम के चलते उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने एडवाईजरी जारी करते हुए स्थानीय लोगों तथा सैलानियों को एहतियात बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पुलिस रिपोर्ट के अनुसार रविवार रात्रि जलोड़ी जोत पर तीन इंच हिमपात रिकार्ड किया गया है। रोहतांग दर्रे पर अढ़ाई फुट तथा अटल टनल के साउथ पोर्टल पर डेढ फुट बर्फ पड़ी है।


उपायुक्त का कहना है कि स्थानीय लोग और सैलानी बर्फबारी के दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों का रुख न करें और नदी नालों से भी दूर रहें। ऊंचाई वाले इलाकों में हो रही लगातार बर्फबारी के कारण बाहरी राज्यों से लगातार सैलानियों की आमद बढ़ रही है, ऐसे में सैलानी ज्यादा रोमांच के चलते कई बार उन क्षेत्रों का भी रुख करते हैं जहां जान पर खतरा बना रहता है। ऐसे में सैलानी इस तरह जोखिम न ऊठाएं। उपायुक्त ने स्थानीय लोगों से भी बारिश बर्फबारी के बीच दैनिक कार्यों को निपटाने के लिए अनावश्यक जोखिम उठाने से बचने की अपील की है।


उपायुक्त ने पर्यटकों से आग्रह किया है कि वे ऊंचाई वाले अथवा बर्फबारी वाले क्षेत्रों में निजी वाहनों को न लेकर जाएं और साथ ही ट्रैकिंग रूटों पर जाने की भी कोशिश न करें। उन्होंने पर्यटन कारोबारियों से अपील की है कि पर्यटकों को गुमराह न करें और उन्हें संभावित खतरों से अवगत करवाएं।


आशुतोष गर्ग का कहना है कि अधिक बर्फबारी वाले इलाकों में और जहां सड़कों पर कोहरा जमा है वहां वाहन न चलाएं, सड़कों पर फिसलन होने के कारण हादसा होने की आशंका ज्यादा रहती है। साथ ही उपायुक्त ने स्थानीय लोगों तथा सैलानियों से किसी भी आपात की स्थिति में टॉल फ्री नम्बर 1077 पर सूचित करने को कहा है ताकि आपदा के दौरान तुरंत प्रभावित व्यक्ति की मदद की जा सके।


उपायुक्त ने जिले के समस्त एस.डी.एम. व तहसीलदारों को हर समय सतर्क रहने को कहा है। उन्होंने कहा कि मौसम साफ भी होता है तो भी बर्फीले क्षेत्रों की ओर रूख न करें क्योंकि ऐसे क्षेत्रों में तापमान काफी कम रहता है और फिसलन के कारण जान को जोखिम में डालना ठीक नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वाहनों को पहाड़ों की ओर पार्क न करे। पत्थर अथवा ल्हासे गिरने के कारण वाहन को नुकसान हो सकता है।

Share:

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *